जनगणना 2027 की तैयारी शुरू: 7 मई से सेल्फ एन्यूमरेशन, 22 मई से घर-घर हाउस लिस्टिंग

जनगणना 2027 की तैयारी शुरू: 7 मई से सेल्फ एन्यूमरेशन, 22 मई से घर-घर हाउस लिस्टिंग




देश में होने वाली जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में कस्बा गुरसहायगंज में 22 मई से 20 जून 2026 तक जनगणना का पहला चरण शुरू होगा, जिसमें हाउस लिस्टिंग (मकान सूचीकरण) का कार्य किया जाएगा।

इससे पहले नागरिकों को 7 मई से 21 मई 2026 तक स्वयं गणना (Self Enumeration) करने का अवसर दिया जाएगा, जिसमें लोग अपने मोबाइल के माध्यम से स्वयं जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

नागरिक खुद भर सकेंगे अपनी जानकारी

नगर पालिका परिषद गुरसहायगंज के अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि गृह मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार जनगणना की प्रक्रिया को डिजिटल बनाया जा रहा है।

इसके लिए नगर पालिका प्रशासन एक विशेष पोर्टल और मोबाइल एप तैयार कर रहा है, जिसके माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे।

हाउस लिस्टिंग में पूछे जाएंगे ये सवाल

जनगणना के दौरान मकानों और परिवारों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्र की जाएंगी, जैसे:

  • भवन नंबर, मकान नंबर और स्थानीय पहचान
  • मकान की दीवार, छत और फर्श में प्रयुक्त सामग्री
  • मकान का उपयोग और उसकी स्थिति
  • परिवार के सदस्यों की संख्या
  • परिवार के मुखिया का नाम, लिंग और सामाजिक वर्ग
  • घर में उपलब्ध कमरों की संख्या
  • विवाहित दंपतियों की संख्या

इसके अलावा नागरिक सुविधाओं से संबंधित जानकारी भी ली जाएगी, जैसे:

  • पेयजल का मुख्य स्रोत
  • बिजली और प्रकाश की व्यवस्था
  • शौचालय और स्नानघर की उपलब्धता
  • रसोईघर और एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन
  • गंदे पानी की निकासी व्यवस्था

📡 डिजिटल उपकरण और संसाधनों की भी होगी गणना

जनगणना के दौरान परिवार के पास उपलब्ध सुविधाओं और उपकरणों की जानकारी भी दर्ज की जाएगी, जैसे:

  • रेडियो, टेलीविजन
  • इंटरनेट, लैपटॉप, कंप्यूटर
  • मोबाइल और स्मार्टफोन
  • साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल
  • कार आदि वाहन

साथ ही परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले मुख्य अनाज और मोबाइल नंबर भी दर्ज किए जाएंगे, जो केवल जनगणना से संबंधित सूचनाओं के लिए उपयोग किए जाएंगे।


🌐 पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस होगी जनगणना

अधिकारियों के अनुसार इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पेपरलेस होगी, जिससे काम अधिक पारदर्शी और आसान बनेगा।

जनगणना 16 भाषाओं में उपलब्ध होगी और प्रत्येक नागरिक को सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी भी प्रदान की जाएगी।

नगर पालिका प्रशासन ने इस अभियान के लिए प्रचार-प्रसार भी शुरू कर दिया है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसमें भाग ले सकें।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Post a Comment

0 Comments