जिले स्तर पर होंगे शिक्षामित्र के तबादले, डीएम की अध्यक्षता वाली समिति पूरी करेगी प्रक्रिया




प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षामित्रों को अपने घर के पास के स्कूल में तैनाती की प्रक्रिया जिला स्तर पर पूरी की जाएगी। जिलों में डीएम की अध्यक्षता वाली समिति इसकी औपचारिकता पूरी करेगी। इसके लिए बेसिक शिक्षा निदेशालय ने जिलाधिकारियों को निर्देश भेज दिए गए हैं।

शिक्षामित्रों के तबादले के लिए दिसंबर में शासनादेश जारी किया गया था। साथ ही बेसिक शिक्षा निदेशक की ओर से भी दिसंबर में बीएसए को निर्देश जारी किए गए थे। किंतु जिलों में इसे लेकर असमंसज की स्थिति बनी हुई थी।

इसी क्रम में बेसिक शिक्षा निदेशालय की ओर से इसके लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं। इसमें कहा गया है कि शिक्षामित्रों को पहले मूल विद्यालय में भेजा जाएगा। वहीं महिला शिक्षकों को उनकी ससुराल के नजदीकी विद्यालयों में तैनाती का विकल्प भी दिया जाएगा। प्रदेश में करीब 1.37 लाख शिक्षामित्रों को 2018 में अपने मूल विद्यालय में आने का मौका दिया था। उस समय काफी शिक्षामित्र वापस आ गए। लगभग 35 हजार शिक्षामित्र अभी बचे हुए हैं। उनको मूल विद्यालय में भेजा जाना है।

शिक्षामित्रों के समायोजन स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू,  सभी जिलों के बीएसए को कार्यवाही सुनिश्चित करने का निर्देश 

परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षामित्रों के समायोजन और स्थानांतरण के लिए सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने नौ दिसंबर को जारी शासनादेश के क्रम में शनिवार को पत्र भेजकर जिलों को आगे की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा है। 

शीतकालीन अवकाश के दौरान शिक्षामित्रों के समायोजन की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। स्पष्ट किया गया कि जिले में तैनात शिक्षामित्रों को निर्धारित प्रारूप में विकल्प भरना होगा। जो शिक्षामित्र वर्तमान तैनाती पर बने रहना चाहते हैं, उनके विकल्प पर कार्यवाही नहीं की जाएगी।


30 हजार शिक्षामित्रों को घर के पास तैनाती का मौका, शासन ने जारी किया मूल विद्यालय वापसी का आदेश

लंबे समय से शिक्षामित्रों की मूल विद्यालय वापसी की उम्मीद जाड़े की छुट्टियों में पूरी हो सकती है। शासन ने मंगलवार को शिक्षामित्रों के मूल विद्यालय वापसी का आदेश जारी कर दिया। इसका लाभ करीब 30 हजार शिक्षामित्रों को मिलेगा। इनमें महिला शिक्षामित्र अपने पति के घर की ग्राम पंचायत में तैनाती पा सकेंगी।