BEO MEDICAL CHECK-UP : बैठक में आए बीईओ का डीएम ने कराया मेडिकल, नशे की आशंका
विधानसभावार फोटोयुक्त मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा बैठक स्वामी विवेकानंद सभागार में बुलाई गई थी। बैठक की अध्यक्षता डीएम अनुनय झा कर रहे थे। सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बुलाए गए थे। डीएम को बैठक के दौरान सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी टड़ियावां के खंड शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार झा नशे में लगे। एसआईआर की प्रगति की जानकारी पूछे जाने पर भी सही जवाब नहीं दे पाए।
सीएमओ के निर्देशन में चिकित्सक ने खून और यूरिन के लिए सैंपल
इस पर डीएम ने नशे की आशंका में एडीएम को बीईओ का मेडिकल कराने के लिए कहा। एडीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भवनाथ पांडेय को बीईओ अनिल कुमार झा का चिकित्सीय परीक्षण कराए जाने के निर्देश दिए। वहीं, बीईओ को चिकित्सीय परीक्षण के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया। सीएमओ ने बताया कि एडीएम के निर्देश पर चिकित्सीय परीक्षण के लिए चिकित्सक को मेडिकल कॉलेज भेजा गया था।
प्रारंभिक जांच में चिकित्सक ने बीईओ को तेज खुशबू वाले परफ्यूम का उपयोग किए जाने की पुष्टि की है। वहीं, नशे की जांच के लिए बीईओ अनिल कुमार झा के खून और यूरिन के सैंपल लिए गए हैं। सैंपल को जांच के लिए मेडिकल कॉलेज की पैथोलॉजी भेजा गया है। जांच रिपोर्ट एडीएम को भेजी जाएगी।


0 Comments