Advertisement

कॉपी से निकले नोट तो छात्र संग कक्ष निरीक्षक पर होगी कार्रवाई

कॉपी से निकले नोट तो छात्र संग कक्ष निरीक्षक पर होगी कार्रवाई






 18 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट 2026 की परीक्षा में यदि उत्तरपुस्तिका में नोट निकलता है तो संबंधित छात्र के साथ ही कक्ष निरीक्षक पर भी कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षकों को सख्त निर्देश दिए हैं। सचिव ने साफ किया है कि यदि किसी परीक्षार्थी की उत्तर पुस्तिका में मुद्रा (धनराशि) प्राप्त होगी तो इसे अनुचित साधन सामग्री माना जाएगा और मूल्यांकन के समय इसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकार के मामलों को ड्यूटी के समय लापरवाही मानते हुए कक्ष निरीक्षक के खिलाफ भी विभागीय नियमों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

12 फरवरी को सभी डीआईओएस को भेजे पत्र में सचिव ने लिखा है कि बोर्ड परीक्षा की निष्पक्षता और गरिमा को बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है कि उत्तरपुस्तिकाओं के संकलन और मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मानक के अनुरूप हो। पूर्व के वर्षों में देखा गया है कि कुछ परीक्षार्थी अनजाने में या भ्रामक धारणाओं (अधिक नंबर के लालच में) में फंसकर उत्तर-पुस्तिकाओं के अंदर मुद्रा (धनराशि) नत्थी कर देते हैं। यह परीक्षा के अनुशासन के विरुद्ध है।

परीक्षा से पहले ही छात्रों को चेताना होगा
सचिव ने परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि परीक्षा कक्ष में परीक्षार्थियों को पूर्व में ही सूचित किया जाए कि उत्तर-पुस्तिका के अंदर किसी भी प्रकार की अवांछित सामग्री या मुद्रा रखना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। कक्ष निरीक्षकों को भी निर्देशित किया जाए कि वे इस पर सतर्क नजर रखें। यदि संकलन या मूल्यांकन के दौरान किसी उत्तर-पुस्तिका में नोट मिलते हैं, तो उसे तत्काल नियमानुसार राजकोष में जमा कराया जाए। ऐसी घटनाओं की सूचना तत्काल डीआईओएस को दी जाए ताकि उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत संबंधित के विरुद्ध उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा सके। सभी केंद्र व्यवस्थापक और शिक्षक यह सुनिश्चित करें कि परीक्षा का वातावरण भयमुक्त हो।





Post a Comment

0 Comments